अक्सर पूछे जाने वाले प्रश्नों
1. राजभाषा हिंदी एवं संवैधानिक प्रावधान
भारतीय संविधान के अनुच्छेद 343(1) के अनुसार संघ की राजभाषा हिंदी तथा लिपि देवनागरी है। संघ के शासकीय प्रयोजनों के लिए अंकों का रूप भारतीय अंकों का अंतरराष्ट्रीय रूप निर्धारित किया गया है।
14 सितंबर, 1949 को संविधान सभा ने हिंदी को संघ की राजभाषा के रूप में स्वीकार किया था। इसी ऐतिहासिक अवसर की स्मृति में प्रत्येक वर्ष 14 सितंबर को हिंदी दिवस मनाया जाता है।
राजभाषा वह भाषा है जिसका प्रयोग शासन एवं प्रशासन के शासकीय कार्यों में किया जाता है। राष्ट्रभाषा राष्ट्रीय पहचान से जुड़ी अवधारणा है। भारतीय संविधान में किसी भाषा को राष्ट्रभाषा घोषित नहीं किया गया है। हिंदी संघ की राजभाषा है।
संसद में प्रयुक्त होने वाले भाषा संबंधी प्रावधान संविधान के भाग-5 के अनुच्छेद 120 तथा विधानमंडल में प3युक्त होने वाली भाषा के बारे में भाग-6 के अनुच्छेद 210 का अलावा भारतीय संविधान के भाग 17 में अनुच्छेद 343 से 351 तक राजभाषा संबंधी प्रावधान दिए गए हैं।
राजभाषा अधिनियम, 1963 संघ के शासकीय कार्यों तथा संसद के कार्य में हिंदी के अतिरिक्त अंग्रेजी के प्रयोग को जारी रखने और उससे संबंधित प्रावधानों को निर्धारित करने वाला अधिनियम है।
राजभाषा नियम, 1976 राजभाषा अधिनियम के अंतर्गत बनाए गए नियम हैं। इनमें हिंदी में पत्राचार, हिंदी में प्राप्त पत्रों के उत्तर, हिंदी एवं अंग्रेजी में दस्तावेज जारी करने तथा हिंदी में कार्य करने की व्यवस्था निर्धारित की गई है।
राजभाषा नीति का उद्देश्य संघ के शासकीय कार्यों में हिंदी का प्रगामी प्रयोग बढ़ाना, अधिकारियों एवं कर्मचारियों को हिंदी में कार्य करने के लिए प्रोत्साहित करना तथा हिंदी और अंग्रेजी के बीच आवश्यक प्रशासनिक समन्वय बनाए रखना है।
2. राजभाषा नियम एवं कार्यालयीन हिंदी
राजभाषा नियम, 1976 के अंतर्गत देश को हिंदी के प्रयोग की दृष्टि से तीन क्षेत्रों में बाँटा गया है—क्षेत्र 'क', क्षेत्र 'ख' और क्षेत्र 'ग'।
महाराष्ट्र राजभाषा नियम, 1976 के अनुसार क्षेत्र 'ख' में आता है। गुजरात और पंजाब भी क्षेत्र 'ख' में सम्मिलित हैं। इसलिए मुंबई स्थित समुद्रीय प्रशासन महानिदेशालय के लिए क्षेत्र 'ख' से संबंधित पत्राचार के नियम विशेष रूप से प्रासंगिक हैं।
धारा 3(3) के अंतर्गत सामान्य आदेश, अधिसूचनाएँ, संकल्प, नियम, समझौते, करार, अनुज्ञप्तियाँ, अनुज्ञापत्र, निविदा सूचनाएँ, निविदा प्रपत्र, संसद के समक्ष रखे जाने वाले प्रशासनिक एवं अन्य प्रतिवेदन तथा प्रेस विज्ञप्तियाँ आदि निर्धारित दस्तावेज हिंदी और अंग्रेजी दोनों भाषाओं में जारी किए जाते हैं।
राजभाषा नियम, 1976 के नियम 5 के अनुसार हिंदी में प्राप्त पत्र का उत्तर हिंदी में ही दिया जाना अनिवार्य है।
जी हाँ। प्रत्येक सरकारी कर्मचारी को हिंदी अथवा अंग्रेजी में टिप्पणी लिखने की स्वतंत्रता है। हिंदी में प्रवीणता प्राप्त कर्मचारियों को मूल रूप से हिंदी में टिप्पणियाँ एवं प्रारूप तैयार करने के लिए प्रोत्साहित किया जाता है।
हिंदी पत्राचार का प्रयोग राजभाषा नियमों तथा राजभाषा विभाग द्वारा निर्धारित वार्षिक कार्यक्रम के अनुसार किया जाना चाहिए। विशेष रूप से क्षेत्र 'क' एवं 'ख' के कार्यालयों तथा व्यक्तियों को पत्र भेजने के लिए निर्धारित प्रावधानों का पालन करना आवश्यक है।
हिंदी में प्रवीणता का अर्थ राजभाषा नियम, 1976 के नियम 9 में निर्धारित मानदंडों के अनुसार हिंदी का पर्याप्त ज्ञान होना है। हिंदी का कार्यसाधक ज्ञान नियम 10 में निर्धारित मानदंडों के अनुसार है, जिससे कर्मचारी सामान्य कार्यालयीन कार्य हिंदी में कर सके।
जी हाँ। भारत सरकार के कार्यालयों में नामपट्ट, सूचना-पट्ट, मुहरें, लेटरहेड, लिफाफे एवं अन्य निर्धारित कार्यालयीन सामग्री हिंदी और अंग्रेजी दोनों भाषाओं में तैयार की जानी चाहिए।
3. राजभाषा कार्यान्वयन समिति (ऑलिक) एवं नगर राजभाषा कार्यान्वयन समिति समितियाँ (टॉलिक)
ऑलिक का पूरा नाम Official Language Implementation Committee अर्थात राजभाषा कार्यान्वयन समिति है। यह किसी मंत्रालय, विभाग अथवा कार्यालय में राजभाषा नीति के कार्यान्वयन की समीक्षा करने एवं हिंदी के प्रयोग को बढ़ावा देने के लिए गठित की जाती है।
इस समिति का गठन कार्यालय में हिंदी के प्रयोग की प्रगति की समीक्षा करने, निर्धारित लक्ष्यों की प्राप्ति सुनिश्चित करने, हिंदी संबंधी कठिनाइयों का समाधान करने तथा राजभाषा विभाग के निर्देशों के अनुपालन की निगरानी के लिए किया जाता है।
केंद्रीय सरकार के मंत्रालयों, विभागों एवं कार्यालयों में राजभाषा कार्यान्वयन समिति की बैठक सामान्यतः प्रत्येक तिमाही में आयोजित की जाती है, ताकि हिंदी के प्रयोग की प्रगति की नियमित समीक्षा की जा सके।
संबंधित कार्यालय का प्रशासनिक प्रमुख सामान्यतः राजभाषा कार्यान्वयन समिति का अध्यक्ष होता है। समुद्रीय प्रशासन महानिदेशक द्वारा की जाती है।
टॉलिक का पूरा नाम Town Official Language Implementation Committee है। हिंदी में इसे नगर राजभाषा कार्यान्वयन समिति (नराकास) कहा जाता है। इसका गठन किसी नगर में स्थित केंद्र सरकार के कार्यालयों, बैंकों एवं उपक्रमों में राजभाषा नीति के कार्यान्वयन में समन्वय स्थापित करने के लिए किया जाता है।
ओएलआईसी किसी एक मंत्रालय, विभाग या कार्यालय के भीतर राजभाषा कार्यान्वयन की समीक्षा करती है, जबकि टीओएलआईसी/नराकास किसी नगर के विभिन्न केंद्रीय सरकारी कार्यालयों, बैंकों एवं उपक्रमों के बीच राजभाषा संबंधी समन्वय स्थापित करती है।
नराकास की बैठकें सामान्यतः वर्ष में दो बार अर्थात अर्धवार्षिक आधार पर आयोजित की जाती हैं। इन बैठकों में सदस्य कार्यालयों में हिंदी के प्रयोग की प्रगति, वार्षिक कार्यक्रम के लक्ष्यों तथा राजभाषा गतिविधियों की समीक्षा की जाती है।
नराकास की बैठकों में सदस्य कार्यालयों के कार्यालय प्रमुखों का उपस्थित रहना एवं राजभाषा कार्य से जुड़े अधिकारियों की सक्रिय भागीदारी अपेक्षित है। कार्यालय प्रमुखों की उपस्थिति से राजभाषा संबंधी निर्णयों एवं निर्देशों के प्रभावी अनुपालन में सहायता मिलती है।
4. संसदीय राजभाषा समिति एवं उसकी उपसमितियाँ
संसदीय राजभाषा समिति का गठन राजभाषा अधिनियम, 1963 की धारा 4 के अंतर्गत वर्ष 1976 में किया गया था। इसका मुख्य कार्य संघ के शासकीय कार्यों में हिंदी के प्रयोग की प्रगति की समीक्षा करना तथा इस संबंध में राष्ट्रपति को प्रतिवेदन प्रस्तुत करना है।
संसदीय राजभाषा समिति में कुल 30 संसद सदस्य होते हैं। इनमें लोकसभा के 20 तथा राज्यसभा के 10 सदस्य शामिल होते हैं।
समिति का मुख्य कार्य केंद्र सरकार के मंत्रालयों, विभागों, कार्यालयों, उपक्रमों एवं बैंकों में हिंदी के प्रयोग की प्रगति की समीक्षा करना, निरीक्षण करना तथा हिंदी के प्रगतिशील प्रयोग के लिए आवश्यक संस्तुतियाँ प्रस्तुत करना है।
संसदीय राजभाषा समिति के निरीक्षण कार्य के लिए तीन उपसमितियाँ कार्य करती हैं। इनके अतिरिक्त समिति के कार्यों में आलेख एवं साक्ष्य उपसमिति की भी महत्वपूर्ण भूमिका होती है, जो प्रतिवेदन तैयार करने एवं साक्ष्य संबंधी कार्यों से जुड़ी होती है। यह समिति नगर राजभाषा कार्यान्वयन समिति के सदस्य कार्यालयों का निरीक्षण कार्य भी करती है।
तीनों उपसमितियाँ अपने निर्धारित मंत्रालयों, विभागों, कार्यालयों एवं अन्य केंद्रीय संस्थानों में राजभाषा के कार्यान्वयन की स्थिति का निरीक्षण करती हैं। ये कार्यालयों के हिंदी प्रयोग, पत्राचार, टिप्पणियों, प्रशिक्षण, बैठकों एवं अन्य राजभाषा गतिविधियों की समीक्षा करती हैं और आवश्यक सुझाव देती हैं।
आलेख एवं साक्ष्य उपसमिति संसदीय राजभाषा समिति की एक महत्वपूर्ण उपसमिति है। इसका संबंध समिति के प्रतिवेदनों के आलेख तैयार करने, साक्ष्य एवं सूचनाओं की समीक्षा करने तथा निर्धारित कार्यक्रमों के अंतर्गत नराकास एवं उसके सदस्य कार्यालयों के साथ विचार-विमर्श और निरीक्षण से भी है।
निरीक्षण का उद्देश्य कार्यालय में राजभाषा नीति के कार्यान्वयन की वास्तविक स्थिति का आकलन करना, हिंदी के प्रयोग में आने वाली कठिनाइयों को समझना तथा राजभाषा के प्रभावी कार्यान्वयन के लिए आवश्यक सुझाव देना है।
कार्यालय को निर्धारित निरीक्षण प्रश्नावली भरनी चाहिए तथा हिंदी पत्राचार, टिप्पणियों, द्विभाषी दस्तावेजों, राजभाषा समिति की बैठकों के कार्यवृत्त, हिंदी प्रशिक्षण, हिंदी पखवाड़ा, तिमाही रिपोर्ट एवं अन्य संबंधित अभिलेख अद्यतन रखने चाहिए। कार्यालय प्रमुख एवं संबंधित अधिकारियों को निरीक्षण के दौरान उपस्थित रहना चाहिए।
कार्यालय प्रमुख की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण होती है। उन्हें कार्यालय में राजभाषा नीति के कार्यान्वयन, हिंदी में किए जा रहे कार्यों, उपलब्धियों, कठिनाइयों एवं भविष्य की कार्ययोजना की जानकारी प्रस्तुत करनी होती है तथा समिति द्वारा दिए गए सुझावों के अनुपालन का आश्वासन देना होता है।
5. राजभाषा निरीक्षण, प्रश्नावली एवं साक्ष्य
निरीक्षण प्रश्नावली एक निर्धारित प्रपत्र है, जिसके माध्यम से समिति संबंधित कार्यालय में हिंदी के प्रयोग, पत्राचार, टिप्पणियों, प्रशिक्षण, बैठकों एवं अन्य निर्धारित विषयों की जानकारी प्राप्त करती है। इसमें दिए गए प्रश्नों के उत्तर वास्तविक अभिलेखों एवं प्रमाणिक आँकड़ों के आधार पर प्रस्तुत किए जाने चाहिए।
साक्ष्य प्रस्तुत करने का अर्थ है कार्यालय में राजभाषा नीति के कार्यान्वयन के संबंध में समिति द्वारा पूछे गए प्रश्नों के उत्तर तथ्यों, अभिलेखों, दस्तावेजों एवं वास्तविक उपलब्धियों के आधार पर देना। केवल मौखिक जानकारी देने के बजाय संबंधित प्रमाण प्रस्तुत करना अधिक उपयुक्त होता है।
समिति द्वारा सामान्यतः हिंदी पत्राचार, हिंदी टिप्पणियाँ, धारा 3(3) के दस्तावेज, हिंदी में प्राप्त पत्रों के उत्तर, हिंदी प्रशिक्षण, राजभाषा कार्यान्वयन समिति की बैठकें, हिंदी पखवाड़ा, हिंदी पुरस्कार, वेबसाइट पर हिंदी सामग्री, निरीक्षण, नराकास की गतिविधियों एवं राजभाषा संबंधी शिकायतों पर प्रश्न पूछे जा सकते हैं।
कार्यालय को पिछली निरीक्षण रिपोर्ट एवं अनुपालन रिपोर्ट, राजभाषा कार्यान्वयन समिति की बैठक के कार्यवृत्त, तिमाही प्रगति रिपोर्ट एवं वार्षिक कार्यक्रम, हिंदी पत्राचार एवं टिप्पणियों के नमूने, हिंदी प्रशिक्षण एवं हिंदी पखवाड़ा संबंधी अभिलेख, हिंदी पुरस्कार एवं प्रोत्साहन योजनाओं का विवरण तथा द्विभाषी दस्तावेज उपलब्ध रखने चाहिए।
जी हाँ। आलेख एवं साक्ष्य उपसमिति द्वारा नराकास के अध्यक्ष कार्यालय तथा उसके सदस्य कार्यालयों के राजभाषा संबंधी कार्यों की समीक्षा एवं निरीक्षण किया जा सकता है। इसमें नराकास की गतिविधियों, बैठकों, सदस्य कार्यालयों की सहभागिता तथा हिंदी के प्रयोग की प्रगति पर विचार-विमर्श किया जाता है।
कार्यालय को समिति द्वारा दिए गए सुझावों एवं निर्देशों का गंभीरतापूर्वक पालन करना चाहिए। उनके अनुपालन के लिए कार्ययोजना तैयार करके संबंधित अनुभागों को जिम्मेदारी सौंपनी चाहिए तथा की गई कार्रवाई का अभिलेख रखना चाहिए।
संसदीय राजभाषा समिति हिंदी के प्रगामी प्रयोग की स्थिति का आकलन करके राष्ट्रपति को अपने प्रतिवेदन एवं संस्तुतियाँ प्रस्तुत करती है। राष्ट्रपति इन पर आदेश जारी करते हैं तथा प्रतिवेदन संसद के दोनों सदनों के समक्ष रखा जाता है। संबंधित आदेशों के अनुसार केंद्र सरकार के कार्यालयों में राजभाषा नीति के कार्यान्वयन को और प्रभावी बनाया जाता है।
6. हिंदी प्रशिक्षण, पुरस्कार एवं प्रोत्साहन
राजभाषा विभाग द्वारा निर्धारित प्रावधानों के अनुसार जिन कर्मचारियों को हिंदी का ज्ञान नहीं है अथवा जिन्हें हिंदी का कार्यसाधक ज्ञान प्राप्त करना आवश्यक है, उन्हें निर्धारित हिंदी प्रशिक्षण योजनाओं के अंतर्गत प्रशिक्षण प्राप्त करने के लिए प्रोत्साहित एवं आवश्यकतानुसार नामित किया जाता है।
हिंदी भाषा प्रशिक्षण का उद्देश्य हिंदी पढ़ने, लिखने एवं समझने की क्षमता विकसित करना है। हिंदी टंकण प्रशिक्षण कंप्यूटर पर हिंदी में टंकण करने की दक्षता प्रदान करता है, जबकि हिंदी आशुलिपि प्रशिक्षण हिंदी में बोले गए शब्दों को संक्षिप्त लिपि में लिखने का कौशल विकसित करता है।
हिंदी कार्यशालाओं का आयोजन अधिकारियों एवं कर्मचारियों को कार्यालयीन कार्य हिंदी में करने के व्यावहारिक तरीके सिखाने के लिए किया जाता है। इनमें हिंदी टिप्पण, प्रारूपण, अनुवाद, यूनिकोड टंकण तथा कार्यालयीन शब्दावली जैसे विषयों पर प्रशिक्षण दिया जा सकता है।
हिंदी पखवाड़ा सामान्यतः प्रत्येक वर्ष 14 सितंबर से 28 सितंबर तक आयोजित किया जाता है। इसका उद्देश्य अधिकारियों एवं कर्मचारियों में हिंदी के प्रति रुचि विकसित करना तथा कार्यालयीन कार्यों में हिंदी के प्रयोग को प्रोत्साहित करना है।
हिंदी निबंध लेखन, अनुवाद, टिप्पण एवं प्रारूप लेखन, हिंदी प्रश्नोत्तरी, भाषण, वाद-विवाद, कविता पाठ, सुलेख, नारा लेखन तथा तात्कालिक अभिव्यक्ति जैसी प्रतियोगिताएँ आयोजित की जा सकती हैं।
हिंदी में उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारियों एवं कर्मचारियों को विभागीय एवं भारत सरकार द्वारा निर्धारित प्रोत्साहन योजनाओं के अंतर्गत नकद पुरस्कार, प्रशस्ति-पत्र तथा अन्य प्रोत्साहन प्रदान किए जा सकते हैं। पुरस्कारों के लिए लागू योजना एवं पात्रता शर्तों का पालन किया जाता है।
जी हाँ। अहिंदी भाषी कर्मचारियों को भी हिंदी प्रतियोगिताओं, कार्यशालाओं एवं अन्य राजभाषा गतिविधियों में भाग लेने के लिए प्रोत्साहित किया जाता है। इससे उनमें हिंदी के प्रति रुचि एवं आत्मविश्वास बढ़ता है।
7. राजभाषा रिपोर्ट, डिजिटल कार्यप्रणाली एवं समुद्रीय प्रशासन महानिदेशालय
तिमाही प्रगति रिपोर्ट के माध्यम से कार्यालय में हिंदी के प्रयोग की स्थिति का आकलन किया जाता है। इसमें हिंदी पत्राचार, टिप्पण, मूल पत्राचार, हिंदी प्रशिक्षण, बैठकों एवं अन्य निर्धारित गतिविधियों से संबंधित आँकड़े दिए जाते हैं। इसे निर्धारित प्रारूप एवं समय-सीमा के अनुसार संबंधित प्राधिकारी को भेजा जाता है।
राजभाषा विभाग, गृह मंत्रालय द्वारा प्रत्येक वर्ष केंद्र सरकार के कार्यालयों में हिंदी के प्रगामी प्रयोग के लिए वार्षिक कार्यक्रम जारी किया जाता है। इसमें पत्राचार, टिप्पण, हिंदी में कार्य, प्रशिक्षण तथा अन्य गतिविधियों के लिए निर्धारित लक्ष्य एवं दिशा-निर्देश दिए जाते हैं। सभी संबंधित कार्यालयों को इन लक्ष्यों की प्राप्ति के लिए प्रयास करना होता है।
कंप्यूटर एवं ई-ऑफिस में हिंदी में कार्य करने के लिए यूनिकोड आधारित देवनागरी टंकण प्रणाली का उपयोग किया जाता है। मंगल जैसे यूनिकोड फॉन्ट तथा उपलब्ध हिंदी इनपुट टूल के माध्यम से हिंदी टिप्पणियाँ, पत्र एवं अन्य दस्तावेज तैयार किए जा सकते हैं। इससे दस्तावेजों का आदान-प्रदान और डिजिटल उपयोग सुगम होता है।
समुद्रीय प्रशासन महानिदेशालय का राजभाषा अनुभाग कार्यालय में राजभाषा नीति के कार्यान्वयन, हिंदी के प्रगामी प्रयोग, अनुवाद, हिंदी प्रशिक्षण, राजभाषा कार्यान्वयन समिति की बैठकों, हिंदी पखवाड़ा, नराकास की गतिविधियों, राजभाषा रिपोर्ट तथा निरीक्षण संबंधी कार्यों का समन्वय करता है। राजभाषा संबंधी जानकारी, सुझाव अथवा सहायता के लिए समुद्रीय प्रशासन महानिदेशालय के आधिकारिक संपर्क माध्यमों से राजभाषा अनुभाग से संपर्क किया जा सकता है।